संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने मंगलवार को नगर निगम कमिश्नर आयुष सिन्हा, निवर्तमान मेयर मदन चौहान व अन्य अधिकारियों के साथ कुंडी तालाब पार्क का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्क की व्यवस्था व सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं उन्होंने निगम अधिकारियों को पार्क के सुंदरीकरण के निर्देश दिए। आयुक्त आयुष सिन्हा ने जल्दी पार्क का सुंदरीकरण करवाने का आश्वासन दिया। पार्क में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्मचारी तैनात किया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क की दीवारें पेंट करवाई जाएं। वहीं लाइट व्यवस्था कर फव्वारे लगाए जाएं। दीवारों पर सामाजिक संदेश देने के नारे व पंक्तियां लिखी जाएं। घास की कटिंग करवाकर उबड़ खाबड़ भूमि समतल की जाए। इसके साथ पार्क में ओपन जिम लगाई जाए और इसे व्यवस्थित किया जाए। पार्क में शरारती तत्व पौधों, ओपन जिम उपकरणों, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था बनाए रखने व अन्य सुविधाओं को नुकसान न पहुंचा सके, इसलिए यहां पर कर्मचारी तैनात किया जाए। उन्होंने पार्क में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंडी तालाब शहर का सबसे बड़ा पार्क है। कभी यहां पर तालाब होता था। जिसमें क्षेत्र का गंदा पानी जमा होता था। तलाब के स्थान पर पार्क विकसित किया गया है और इसे जल्द ही और सुंदर बनाया जाएगा।
इस अवसर पर निवर्तमान मेयर मदन चौहान समेत उप निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव, एक्सईएन विकास धीमान, एक्सईएन नरेंद्र सुहाग, सीएसआई हरजीत, एसआई अमित कांबोज, एमई मुनेश्वर भारद्वाज, जेई गगन, जेई प्रवीण मलिक, भाजपा मंडल अध्यक्ष विपुल गर्ग, रामेश्वर चौहान, ओमपाल, प्रियांक शर्मा सहित उपस्थित रहे।