संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग की रविवार को हुई पुलिस पुरुष सिपाही भर्ती की परीक्षा पर त्योहारों व शादियों का असर देखने को मिला। त्योहारों व शादियों के कारण अभ्यर्थियों की संख्या बहुत कम रही। कई केंद्र ऐसे भी थे, जहां उपस्थित मात्र 20 प्रतिशत रही। दोनों सत्रों की परीक्षा में कुल उपस्थिति मात्र 40 प्रतिशत रही। इस दौरान कुल 37,500 अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी थी, जिसमें कुल 14,138 परीक्षार्थी ही पहुंचे।
डीसी पार्थ गुप्ता ने सायं कालीन सत्र में विवेकानंद लोटसवैली पब्लिक स्कूल सेक्टर-18, संत थॉमस स्कूल, हिन्दू कन्या महाविद्यालय व सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के केंद्रों का निरीक्षण किया। डीसी ने बताया कि उपमंडल में पड़ने वाले शिक्षण संस्थानों में 59 परीक्षा केंद्र व बिलासपुर उपमंडल की शिक्षण संस्थाओं में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में कुल 67 केंद्रों पर परीक्षा हुई। सोमवार व मंगलवार को भी दोनों सत्रों की परीक्षा होंगी। डीसी के साथ एसपी कमलदीप गोयल, परीक्षा केंद्र अधीक्षक एडी त्यागी, विक्रम मनौचा, विणू गोयल, दीपक सिंगल, सुमित जिंदल व नीरू तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीसी ने सभी परीक्षा केंद्रों में मौजूद ड्यूटी मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग स्क्वॉयड और केंद्र अधीक्षकों से बातचीत कर परीक्षाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सुबह की परीक्षा साढ़े दस बजे से 12 बजे तक हुई। सायं कालीन सत्र की परीक्षा बाद दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े चार बजे तक हुई। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों में गहनता से जांच करते हुए लगवाए गए सीसीटीवी और जैमर के बारे में केंद्र अधीक्षकों से भी जानकारी ली।
उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार धीमान ने बताया कि हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग के जिला कोऑडिनेडर संजय भौरिया ने जानकारी दी कि सुबह के सत्र में कुल 18650 अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी थी। जिसमें से कुल 6934 परीक्षार्थी ही पहुंचे। वहीं शाम की परीक्षा में 18850 अभ्यर्थी आने थे, कुल 7204 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे।
यातायात पर दिखाई दिया असर
परीक्षा का असर यातायात पर दिखाई दिया। छुट्टी दिन और त्योहार होने के कारण पहले ही बाजारों और सड़कों पर भीड़ है। ऐसे में हजारों परीक्षार्थियों के पहुंचने से असर यातायात पर भी पड़ा। परीक्षा से पहले और बाद में कई जगह जाम लगा। जाम खुलवाने में पुलिस कर्मचारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं बस स्टैंड पर भी अभ्यर्थियों के कारण भीड़ रही, जिससे अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह रही कि त्योहार के कारण बाजारों में रौनक होने से खाने की वस्तु पास में ही मुहैया हो गई।