व्यासपुर। लोहगढ़ साहिब की धार्मिक महत्ता को देखते हुए लोहगढ़ साहिब ट्रस्ट वर्किंग कमेटी के चेयरमैन व पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बुधवार को परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति व उन्हें पूरा करने की निर्धारित समय सीमा की जानकारी ली।
कंवरपाल गुर्जर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि लोहगढ़ साहिब केवल ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि महान सिख योद्धा बाबा बंदा सिंह बहादुर के अदम्य साहस, शौर्य, स्वाभिमान और बलिदान की गौरवशाली गाथा का प्रतीक है।