प्रतापनगर/छछरौली। कलेसर रेंज की टिबड़ियो बीट से काटे गए खैर के पेड़ की लकड़ी वन विभाग के कर्मचारियों ने पकड़ी है। खैर की लकड़ी, कार कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को पर्यावरण कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वन राजिक अधिकारी कलेसर कुलदीप सिंह ने बताया कि 18 फरवरी शाम को कलेसर रेंज के मंजीत वन रक्षक इंचार्ज टिबड़ियो बीट व संदीप वन दरोगा इंचार्ज खिजराबाद ब्लाॅक, टिबड़ियों जंगल में गश्त कर रहे थे। इस दौरान कर्मचारियों को खैर के पेड़ों की जड़ के टुकड़े मिले। जिसके बाद वन रक्षक ने मौके पर क्षतिपूर्ति नंबर अंकित किया और छानबीन व तलाश शुरू कर दी। 20 फरवरी को सूचना मिली कि टिबड़ियों जंगल से काटे तीन पेड़ सफेद वैगनआर कार में नागल पट्टी गांव में अमजद के घर से लोड किया जा रहा है। इस आधार पर कर्मचारी अमजद के घर पर पहुंचे तो चालक मौके से गाड़ी को भगा ले गया, जबकि लोडिंग करने वाला शाहरुख निवासी जाटोंवाला व जहीद निवासी आमवाली भी फरार हो गए। कर्मचारियों ने गाड़ी का छछरौली पांवटा रोड पर पीछा किया। इस दौरान गनौला गांव के पास छछरौली पुलिस की नाकाबंदी को देखकर चालक ने गाड़ी रोक ली। गाड़ी में से एक व्यक्ति भाग गया, जिसकी पहचान अमजद गांव नागलपट्टी के रूप में हुई। जबकि गाड़ी चालक सहित पकड़ ली गई। चालक की पहचान इसरार गांव टिबड़ियो (नागलपट्टी) के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 20 पीस खैर की लकड़ी के मिले। वन राजिक अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।