जगाधरी। मतदान के दिन लोगों को केंद्रों पर लगने वाली भीड़ से परेशान नहीं होना पड़ेगा। मतदान स्थलों पर लगी लाइनों की जानकारी मतदाताओं को घर बैठे मोबाइल पर उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने वोटर इन क्यू नाम से एप जारी किया है। इस एप पर मतदाता घर बैठे ही अपने केंद्रों पर लगी भीड़ की स्थिति देख सकते हैं। खास बात यह है कि एप पर लोगों को केंद्र पर लगी भीड़ लाइव दिखाई देगी। इसके लिए मतदाताओं को एप डाउनलोड करना होगा।
विदित हो कि जिले में लोकसभा के लिए 25 मई को मतदान होगा, जिसे लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य मतदान प्रतिशत में वृद्धि करना है। मतदान में वृद्धि करने को लेकर निर्वाचन आयोग व जिला प्रशासन की ओर से कई विशेष कार्य योजनाएं शुरू की गई हैं। इसके लिए कई एप लांच किए गए हैं। इसमें वोटर इन क्यू नामक एप भी अहम है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि डिजिटल क्रांति को देखते हुए आयोग ने कई तरह की एप सेवा शुरू की है। मतदाता मतदान के दिन प्ले स्टोर/एप्पल स्टोर से एप डाउनलोड कर मतदान केंद्रों पर लगने वाली भीड़ लाइव देख सकते हैं, जिससे मतदाता अपनी सुविधा अनुसार मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार मतदाता भीड़ देखकर बिना मतदान किए ही लौट जाते हैं पर अब इस एप से लोगों को मतदान पर भीड़ की सटीक जानकारी उपलब्ध होगी। इससे वे अपनी सुविधा अनुसार मतदान करने पहुंच सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस मोबाइल एप को भारत निर्वाचन आयोग ने फिलहाल प्रयोग के तौर पर स्वीकृति प्रदान की है। मोबाइल एप पर मतदाता अपने क्षेत्र का नाम, पोलिंग बूथ का नाम, वोटर का नाम आदि फीड करेगा, तो एक ओटीपी मिलेगा, जिसका प्रयोग कर वह बूथ पर सीधे बीएलओ से जुड़ सकता है। बीएलओ हर एक घंटा या आधे घंटे बाद एप में जानकारी देंगे कि वोटिंग के लिए कितने लोग कतार में हैं। डीसी ने बताया कि इस मोबाइल एप व वेबसाइट का पहली बार चुनाव में प्रयोग किया जा रहा है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि मतदाता को वोट डालने के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वह भीड़ कम होते ही वोट डालने के लिए जा सकता है। यह प्रयोग सफल रहा तो इस प्रयोग को भविष्य में सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी लागू किया जा सकता है।