यमुनानगर। बैंक से रुपये निकलवाकर ऑटो में बैठ घर जा रही महिला के बैग से किसी ने 31 हजार रुपये उड़ा लिए। महिला ने ऑटो में उसके साथ बैठी दो महिलाओं पर बैग काटकर रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत महिला ने पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्ष्मी गार्डन निवासी जगीरो देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह अपने पति के बैंक खाते से रुपये निकलवाने के लिए केनरा बैंक की मुख्य ब्रांच में गई थी। बैंक से उसने 31 हजार रुपये निकलवाए। उसने रुपये हैंड बैग में रखे। रुपये निकलवाने के बाद वह रेलवे रोड से ऑटो में बैठकर शहीद भगत सिंह चौक पहुंची। यहां से दूसरा ऑटो बदला और उसमें सवार होकर वह महाराणा प्रताप चौक पर पहुंची। जब वह महाराणा प्रताप चौक पर उतरी तो उसने देखा कि उसका बैग एक साइड से कटा हुआ था। जब उसने बैग की जांच की तो उसके अंदर से 31 हजार रुपये की नकदी गायब थी। जबकि मोबाइल उसी में रखा हुआ था। जगीरो ने बताया कि जिस ऑटो में वह बैठी थी, उसमें दो महिलाएं और भी थी। आरोप है कि उसके बैग से उन्हीं महिलाओं ने रुपये चोरी किए है। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। शहर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद