संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अधिक ठंड व धुंध के कारण हरियाणा सरकार ने जनता व पशुओं को सर्दी व शीतलहर से बचाव को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। डीसी प्रीति ने शीतलहर व सर्दी से बचाव के लिए सरकार की ओर से जारी की गई एडवाइजरी की पूर्ण रूप से पालना करते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि आमजन सावधानी बरत कर सर्दी से अपना व अपने पशुओं का बचाव कर सकते हैं। सर्दी से बचाव के लिए आमजन अपने पास पर्याप्त कपड़ों का स्टॉक करें। घर में ठंडी हवा का प्रवेश रोकने के लिए दरवाजों तथा खिड़कियों को ठीक से बंद रखें। जितना संभव हो सके घर के अंदर रहें और ठंडी हवा, बारिश, धुंध आदि के संपर्क में आने से बचने के लिए कम से कम यात्रा करें। शरीर की गरमाहट बनाए रखने के लिए अपने सिर, गर्दन, हाथ और पैर की उंगलियों को पर्याप्त रूप से ढककर रखें। गीले कपड़े तुरंत बदलें। हाथों में दस्ताने रखें।
फेफड़ों को बचाने के लिए मास्क का प्रयोग करें। शराब का सेवन न करें, यह शरीर के तापमान को कम करता है। बुजुर्ग लोगों, नवजात शिशुओं तथा बच्चों का विशेष ध्यान रखें। जरूरत के अनुसार ही रूम हीटर का प्रयोग करें तथा रूम हीटर के प्रयोग के दौरान पर्याप्त हवा निकासी का प्रबंध रखें। बंद कमरों में कोयले को जलाना खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने बताया कि शीतलहर के दौरान पशुओं और पशुधन को जीवन यापन के लिए अधिक भोजन की आवश्यकता होती है क्योंकि ऊर्जा की आवश्यकता बढ़ जाती है। रात के समय पशुओं के आवास को सभी तरफ से ढक दें ताकि ठंडी हवाओं के सीधे संपर्क में आने से बचा जा सके। आपातकालीन स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर सहायता लें।