संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा विषय की मंगलवार को परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए जिलेभर में कुल 50 केंद्र बनाए गए थे। इस बार नकलची पकड़ने उतरे उड़नदस्तों का विद्यार्थियों से ज्यादा शिक्षकों में खौफ दिख रहा है। ऐसा पहली बार हुआ है कि नकल करवाते हुए शिक्षकों को पकड़ा गया है। ऐसे में उड़नदस्ते सक्रिय रहे और कई केंद्रों का निरीक्षण किया।
आसान विषय होने के कारण विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर बिल्कुल भी डर नहीं था। विद्यार्थी समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। इस दौरान सभी ने अपना सीटिंग प्लान देखा और जांच के बाद उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों में काफी खुशी व उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा काफी आसान थी।
सभी प्रश्न सरल, सीधे और पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। सभी कोड मिलते जुलते और सरल थे। परीक्षा अच्छी होने से विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। वहीं, परीक्षा के बाद केंद्रों के बाहर होली की मस्ती भी देखने को मिली। इस दौरान घर से ही तैयारी करके आए विद्यार्थियों ने एक दूसरे को रंग लगाया और होली की बधाई दी। इसके बाद अब पांच मार्च को दसवीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का पेपर लिया जाएगा।
इस दौरान बोर्ड उड़नदस्ता दल अधीक्षक एवं जिला समन्वयक ओपी वर्मा ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। वहीं, उन्होंने केंद्र पर तैनात पुलिस बल से बातचीत की। उन्होंने कहा कि केंद्र के 200 मीटर के दायरे में कोई भी आपत्तिजनक हरकत न हो, यह पुलिस सुनिश्चित करे। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता भी स्वयं अधिकतर केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिला समन्वयक ओपी वर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। किसी केंद्र पर नकल करने, करवाने व उपद्रव का समाचार नहीं मिला है। उन्होंने ड्यूटी में लगे परीक्षकों से अपील की है कि वे अपना काम ईमानदारी से करें और इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतें। नकल रोकने को लेकर बोर्ड गंभीर है और इसके लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा देने के बाद केंद्र के बाहर आते परीक्षार्थी। संवाद