हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष व जगाधरी के विधायक कंवरपाल गुर्जर ने शनिवार को हथिनी कुंड बैराज, कलेसर, ममदूबांस, बाबूराम बांस में चल रहे बाढ़ बचाव कार्यों तथा नदियों के किनारे बसे बाढ़ संभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने सबसे पहले गांव कलेसर, मामदूबांस, बाबूराम बांस के पास यमुना नदी के बाढ़ संभावित क्षेत्र में जाकर सिंचाई विभाग द्वारा बनाई जा रही सुरक्षा दीवार का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा दीवार में प्रयोग होने वाले पत्थरों के आकार व लोहे के जाल का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र ही काम पूरा हो जाना चाहिए। गांवों में नदी का पानी घुसने की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि गत दिनों सोम नदी में अधिक पानी आ जाने के कारण खानुवाला बांध से पानी सड़क पर आ गया था। विधानसभा स्पीकर ने खानुवाला गांव के लोगों की समस्याएं सुनीं और सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को मिट्टी के 10 हजार कट्टे तटबंधों के किनारे लगाने के निर्देश दिए।
उनके साथ मौजूद डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पत्थरों के साइज और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करें। उनके साथ पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह, जगाधरी के एसडीएम प्रेम चंद, डीडीपीओ गगनदीप सिंह, डीएसपी मदन लाल मौजूद रहे।
जिला सचिवालय में बनाया गया बाढ़ नियंत्रण कक्ष
डीसी ने बताया कि यमुना में संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिला सचिवालय में जिलास्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इस बाढ़ नियंत्रण कक्ष में लगे टेलीफोन (नंबर 01732-237800, 237801) पर किसी भी समय बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के बारे में सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त सब डिवीजन स्तर पर जगाधरी व बिलासपुर, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय रादौर, तहसील कार्यालय छछरौली तथा जल सेवाएं मंडल जगाधरी के कार्यालय व हथिनी कुंड बैराज में भी बाढ़ नियंत्रण कक्षों की स्थापना की गई है।