संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिस घर में शादी के मंगल गीत गूंजकर रहे थे, वहीं कुछ देर बाद मातम की चीखें सुनाई देने लगी। एक तरफ बेटी के घर बसने का सुकून तो दूसरी तरफ बेटे की मौत का गम। ऐसी स्थिति में मां के दुख की कल्पना करना भी मुश्किल है। सुबह बहन ने अग्नि के फेरे लिए तो कुछ देर बाद बड़े भाई ने चिता के फेरे लेकर छोटे को मुखाग्नि दी। यह ह्दय विदारक घटना देखकर ग्रामीण भी स्तब्ध नजर आए और उनकी आंखों में आंसू भर आए।
बड़े भाई ने बताया कि उसका भाई बहन की शादी को लेकर बहुत खुश था, परंतु खुशी को गांव के ही कुछ लोगों की नजर लग गई। गांव के विकास, अंकुश, चंद्रवीर, माला देवी, सुरेंद्र और महिंद्रपाल उनके परिवार से रंजिश रखते हैं और बहन को भी परेशान करते थे। इससे पहले भी बहन के रिश्ते की कई जगह बात चली, लेकिन उक्त दबंग लोगों ने कहीं रिश्ता नहीं होने दिया। इससे उसका छोटा भाई बहुत आहत रहता था। आरोप है कि बहन को बदनाम करने के लिए आरोपियों ने पहले गांव में पोस्टर भी लगाए थे, जिस पर उन्होंने 23 फरवरी 2020 को शिकायत देकर आरोपियों पर केस दर्ज कराया था। इसमें आरोपी जमानत पर हैं और मामला कोर्ट में हैं। इसके बाद जहां रिश्ते की बात चलती आरोपी वहां जाकर अनाप शनाप बोलकर रिश्ता तुड़वा देते थे।
छोटे भाई को दी थी धमकी, नहीं होंगे देंगे शादी
बड़े भाई ने बताया कि कुछ रोज पहले परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था। इस दौरान आरोपियों ने छोटे भाई को रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने कहा कि तुम सभी कुछ भी कर लो यह शादी नहीं होगी। वह उसकी बहन का घर नहीं बसने देंगे और उसे बर्बाद कर देंगे। इससे वह काफी परेशान और मानसिक तनाव झेल रहा था।
भाई कहता था कि बहन बस तेरी शादी हो जाए ...
आरोपियों की हरकतें देखकर छोटा भाई चीख-चीख कर रोने लगा। कहने लगा कि ये लोग उन्हें चैन से जीने नहीं देंगे। पहले पोस्टर लगा दिए। कई रिश्ते खराब करवा दिए और अब यहां भी बहन का रिश्ता तुड़वा रहे हैं। इसे लेकर वह बहुत परेशान था। बहन के पास बैठ जाता और बोलता कि बस उसकी शादी हो जाए तो उन्हें कोई चिंता नहीं रहेगी। फिर ये लोग जो भी करते रहें।