संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। दमकल कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल अनिश्चितकालीन हो गई है। विभाग रोडवेज के बस चालकों से गाड़ी चलवा रहे हैं। बावजूद इसके घटना स्थल पर सहायता पहुंचाने में बहुत समय लग रहा है। वीरवार को भी आग की दो घटनाएं हुई। गनीमत यह रही कि आग ज्यादा नहीं थी।
बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगी और समय पर दमकल के न पहुंचने के कारण आग ने खूब तांडव किया। रादौर के गांव छारी के खेत में बुधवार दोपहर को आग लग गई थी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। लोगों ने सूचना दमकल को दी, लेकिन सहायता नहीं पहुंची। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रबंधन किया।
धीरे-धीरे आग ने करीब सौ एकड़ के खेत अपनी चपेट में ले लिए। इस दौरान पांच एकड़ में लगी फसल और फाने जलकर राख हो गए। दमकल की सहायता न आने पर ग्रामीणों ने स्वयं आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से आग नियंत्रित करने के प्रयास किए।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक आग 100 एकड़ के खेत स्वयं में समा चुकी थी।
इस दौरान गांव छारी निवासी नायब सिंह की एक एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल व पांच एकड़ के फाने, प्रिंस के 12 एकड़ के फाने, जसपाल खजूरी के तीन एकड़ के फाने, गुरुचरण सिंह के 10 एकड़ के फाने, रतन सिंह पलाका के आठ एकड़ के फाने व अन्य किसानों के फाने जलकर नष्ट हो गए।
इसी तरह बुधवार दोपहर को शहर से सटे नगर निगम के गांव शादीपुर स्थित प्लास्टिक के गोदाम में आग लगी थी। गोदाम प्लास्टिक का होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और भीषण रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना के करीब पौना घंटा बीतने के बाद भी दमकल की गाड़ी नहीं पहुंची।
इसके बाद जब तक सहायता पहुंची, तब तक आग ने पूरा गोदाम और आसपास खड़े वाहन व अन्य सामान अपनी चपेट में ले चुकी थी। विभाग का कहना है कि कर्मचारी कम होने के कारण दिक्कत हो रही है। चूंकि इन दिनों हवा के कारण आग की घटनाएं ज्यादा होती हैं। वहीं, इस दौरान कर्मचारी कम है। इसके बावजूद हर जगह सहायता पहुंचाई जा रही है।