जगाधरी। दमकल केंद्र जगाधरी पर दमकल कर्मियों ने गेट मीटिंग कर नारेबाजी की। इस मौके पर दमकल कर्मियों को दो माह से वेतन न मिलने पर रोष जताया गया। अग्निशमन राज्य संगठन सचिव संतोष कुमार, राज्य कार्यकारिणी सदस्य विजेंद्र पाल ने बताया कि यमुनानगर व जगाधरी में दमकल केंद्र अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। इस कारण गुलाब नगर, मानकपुर, छछरौली, बिलासपुर, साढौरा में कार्यरत लगभग 40 कर्मचारी बिना सेवा विस्तार व दो माह के वेतन के ड्यूटी कर रहे हैं। इस बारे में अधिकारियों से कई दौर की बातचीत हुई, पर दो माह बाद भी अधिकारियों ने कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। जिस कारण कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने दो सितंबर को डीसी को दस सूत्रीय मांग पत्र व आंदोलन का नोटिस दिया था। दो दिन बाद भी प्रशासन ने कर्मचारियों की सुध नहीं ली, जिससे कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में एक जुलाई 2024 से सेवा विस्तार करने, दो माह का रुका वेतन जल्द दिलाने, छछरौली व बिलासपुर में कार्यरत पे-रोल कर्मचारियों को पांच वर्ष के अनुभव आधार पर वेतन एरियर देने की है। अध्यक्षता शाखा प्रधान विरेंद्र धीमान ने और संचालन शाखा सचिव रिंकू कुमार ने किया। इस मौके पर विक्की वालिया, अभिषेक, रविंद्र कुमार, देसराज, पवन मशीह, गुरप्रीत सिंह, इंतजार, विरेंद्र शर्मा, राजेश कुमार, भूपिंद्र थापा मौजूद रहे।