प्रतापनगर। अराइयांवाला चांदपुर में तेज गर्मी और हवा के कारण खेतों में आग लगने की घटना सामने आई है। पटरी किनारे स्थित खेतों में अचानक आग लगने से करीब दो एकड़ गेहूं के फानों में रखा भूसा जलकर राख हो गया।
इस घटना में किसान अंकित को लगभग 20 से 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। किसान जयवीर, विक्रम, सतीश कुमार और अंकित ने बताया कि इन दिनों गेहूं का सीजन होने के चलते खेतों में सूखी फसल और भूसा पड़ा है, जो तेज गर्मी और हवाओं के कारण आसानी से आग पकड़ लेता है।
उन्होंने कहा कि तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती है, जिससे नुकसान बढ़ जाता है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि अग्निकांड की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। इस समय दमकल विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई जा रही है।