संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली पर आतिशबाजी पर होने वाले अग्निकांड से निपटने क लिए दमकल विभाग, सफाई के लिए नगर निगम और घरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बिजली निगम पूरी तरह से अलर्ट हो गए हैं। इसके लिए तीनों ही विभागों ने स्टाफ के साथ बैठक करके त्योहारों के लिए योजना बना ली है। दमकल विभाग ने गाड़ियों पर स्टाफ को तैनात कर दिया है। इतना ही नहीं विभागों द्वारा अपने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं जिन पर फोन करके आमजन मदद ले सकेंगे।
जिला में दमकल विभाग के पास कुल 39 गाड़ियां हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 22 गाड़ियां यमुनानगर के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित दमकल केंद्र में हैं। आठ गाड़ियां जगाधरी के गुलाब नगर में, व्यासपुर में दो और रादौर, खजूरी रोड, मानकपुर, छछरौली व साढौरा में दमकल की एक-एक गाड़ी खड़ी की गई है। दिवाली पर होने वाली आतिशबाजी से कई बार आग लग जाती है। दमकल विभाग ने कर्मचारियों की ड्यूटी 12-12 घंटे की दो शिफ्ट में लगाई गई हैं।
कर्मचारी दिवाली से एक दिन बाद तक ड्यूटी पर रहेंगे। दिवाली तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। दमकल विभाग के पास कुल 260 कर्मचारी होने चाहिए, लेकिन काम केवल 115 ही कर रहे हैं। कम कर्मचारियों के साथ अग्निकांड की घटनाओं पर अंकुश लगाना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। जिला दमकल अधिकारी पंकज पराशर का कहना है कि दिवाली पर्व के लिए दमकल विभाग पूरी तरह से तैयार है। आतिशबाजी सावधानी बरतते हुए करनी है। खासकर जब बच्चे पटाखे चला रहे हों तो परिवार के बड़े लोग उनके पास रहे। आतिशबाजी करने के दौरान पास में पानी की बाल्टी व ड्रम जरूर रखें। ग्रीन पटाखे ही खरीदें। आग लगने या किसी भी इमरजेंसी में डायल 112 पर फोन करें। इसके साथ ही दमकल केंद्र जगाधरी में 01732-242101 नंबर पर तथा 01732-250101 पर यमुनानगर केंद्र के लिए फोन करें।
नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर 7082410824
दिवाली पर हर साल जमकर आतिशबाजी होती है। आतिशबाजी और खरीददारी के बाद शहर का गंदगी पसर जाती है। रात को हुई आतिशबाजी के बाद सुबह गली-गली में कूड़ा बिखरा मिलता है। नगर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अनिल नैन ने बताया कि टीमें तैयार कर दी गई हैं। शहरवासी कचरे को खुले में न फेंके। कूड़े को गाड़ी में ही डालें। सुबह व शाम दो चरणों में सफाई करवाई जा रही है। करीब 800 कर्मचारी सफाई में लगे हुए हैं। वहीं नगर निगम की तरफ से हेल्पलाइन नंबर 7082410824 जारी किया गया है, इस नबंबर पर शहरवासी व्हाटस्एप कर मैसेज और कूड़े की फोटो भेज सकते हैं। टीम तुरंत सफाई के लिए पहुंचेगी।
बिजली की समस्या पर 1912 पर करें फोन
दिवाली पर लोगों को सबसे ज्यादा जरूरत बिजली की होती है। क्योंकि दिवाली दीपों का पर्व है और घर में रोशनी होना जरूरी है। अब घरों में दीये जलाने के साथ-साथ लोग रंग बिरंगी लड़ियों से भी घरों को रोशन करते हैं, जिसके लिए बिजली की जरूरत होती है। निगम के एसई नरेंद्र सिंह का कहना है कि किसी तकनीकी फाल्ट आदि की वजह से कही पर बिजली बंद होती है तो उसके लिए बिजली निगम के शिकायत केंद्र को एक्टिव कर दिया गया है। रात के लिए सभी पावर हाउस पर दो से तीन कर्मचारियों को तैनात रखा जाएगा जो शिकायत आते ही उसे दूरी करेंगे। उपभोक्ता निगम के टोल फ्री नंबर 1912 पर फोन कर सकते हैं।