संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एसी में शार्ट सर्किट से जगाधरी स्थित जिला जेल में रविवार सुबह जेल अधीक्षक के कार्यालय में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में कार्यालय में रखी कुर्सियां और कुछ दस्तावेज जल गए, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
रविवार सुबह जेल एसपी के कार्यालय में लगे एयर कंडीशनर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके बाद कार्यालय से धुआं उठने लगा। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की नजर धुएं पर पड़ी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो कार्यालय के फर्नीचर में आग लगी हुई थी। कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गुलाब नगर फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद फर्नीचर को नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ जरूरी दस्तावेज भी आग की चपेट में आ गए। हालांकि आग सीमित क्षेत्र में रहने के कारण जेल परिसर के अन्य हिस्से सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने विद्युत उपकरणों की जांच शुरू कर दी है।