साढौरा(यमुनानगर)। ग्राम पंचायत नौशहरा के निलंबित सरपंच विशाल कुमार के खिलाफ पंचायत का रिकॉर्ड जमा न करवाने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बीडीपीओ नेहा शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(2) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बीडीपीओ नेहा शर्मा ने बताया कि उपायुक्त ने पंचायती राज अधिनियम के तहत 6 जुलाई को विशाल कुमार को सरपंच पद से निलंबित कर दिया था। इसके बाद कार्यालय की ओर से 8 जुलाई, 22 जुलाई और 29 जुलाई को पत्र जारी कर उसे पंचायत का समस्त रिकॉर्ड और चल-अचल संपत्ति ग्राम सचिव को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निलंबित सरपंच ने रिकॉर्ड जमा नहीं करवाया। इसके बाद उपमंडल अधिकारी व्यासपुर कार्यालय से 31 अगस्त को सर्च वारंट जारी किया गया। तीन सितंबर को ग्राम सचिव, पुलिसकर्मियों और समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी की टीम निलंबित सरपंच के घर पहुंची। हालांकि वह घर पर नहीं मिला। टीम ने घर की तलाशी भी ली, लेकिन वहां पंचायत का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि बीडीपीओ की शिकायत पर निलंबित सरपंच विशाल कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पंचायत के रिकॉर्ड की बरामदगी के प्रयास कर रही है।