यमुनानगर। व्यासपुर क्षेत्र के गांव भमनौली की एससी चौपाल में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र के कमरे पर ताला लगाने के मामले में महिला पंच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस ने बीडीपीओ व्यासपुर शबनम की शिकायत पर गांव की पंच गीता देवी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और आंगनबाड़ी केंद्र पर ताला लगाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। इसके विरोध में बुधवार को ग्रामीण पंच के समर्थन में व्यासपुर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने दरियां बिछाकर प्रदर्शन किया। वहीं भीम आर्मी के सदस्य भी थाने पहुंचे।
बीडीपीओ की शिकायत के अनुसार भमनौली की एससी चौपाल में करीब 15 वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्र चल रहा है। वहीं गांव के एससी समाज के कुछ लोग लंबे समय से केंद्र को चौपाल से हटाने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि 10 सितंबर को प्रदर्शन के दौरान पंच गीता देवी ने उस कमरे पर ताला लगा दिया, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहा था। कमरे में विभाग का सामान और राशन रखा होने के कारण लाभार्थियों को कई दिनों से राशन व अन्य सामग्री नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि चौपाल एससी समाज के शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए है। आंगनबाड़ी केंद्र के कारण चौपाल का उपयोग नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि कमरे पर सिर्फ पंच ने नहीं, बल्कि सभी ने मिलकर ताला लगाया था। उन्होंने केंद्र के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराने की मांग की। पंच गीता देवी ने कहा कि चौपाल खाली कराने के लिए कई बार सरपंच से आग्रह किया गया लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि हाल ही में चौपाल उपलब्ध नहीं होने के कारण एक शादी का कार्यक्रम गली में करना पड़ा। उनका कहना है कि ग्रामीणों की समस्या दूर करने के बजाय उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद