संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुलिस ने ससौली में ईशांत शर्मा व नितिन पर गोली चलाने के आरोप में आरोपी राजन वर्मा व उसके पिता पवन वर्मा पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के दौरान मौके से गोलियों के छह खोल बरामद किए हैं। वहीं गोली लगने से घायल ईशांत शर्मा उर्फ ईशु का उपचार मुलाना के एमएम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। नितिन निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।
थाना फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में ससौली निवासी दीपक शर्मा उर्फ दीपू ने बताया कि रविवार शाम वह अपने दोस्त गांव खेड़ी रांगड़ान के मनदीप सिंह के साथ ससौली रोड स्थित मनोज मेडिकल हॉल पर दवा लेने गया था। उन्हें देख कर उसका बड़ा भाई ईशांत शर्मा उर्फ ईशु भी मेडिकल स्टोर पर आ गया। तभी स्टोर के साथ दुकान करने वाला ज्वेलर राजन वर्मा व पवन वर्मा भी अपनी गाड़ी से उतर कर दुकान का शटर खोलने लगे।
इसी दौरान राजन वर्मा व ईशांत की आपस में कहासुनी हो गई। इससे भड़का राजन अपनी दुकान में गया और रिवाल्वर लेकर आया। आते ही उसने ईशांत पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। वह अपने भाई का बचाव करने लगे तो राजन ने गोली चला दी। जान बचाने के लिए साथ लगती गली में दौड़े तो आरोपी भी उनके पीछे दौड़ा। राजन के पिता पवन वर्मा ने उन पर ईंटें बरसा दी। अपने बचाव में उन्होंने भी आरोपियों पर ईंटें फेंकनी शुरू कर दी।
इसी दौरान एक गोली ईशांत के पेट में लग गई। तभी वहां से जा रहे उसके जानकार नितिन को उन्होंने मदद के लिए रोका। नितिन गाड़ी से उतर कर साथ वाली सीट पर बैठ गया। गाड़ी को दीपक चलाने लगा। जबकि मनदीप ईशांत को लेकर कार की पिछली सीट पर बैठा था। एक बार फिर राजन ने गोली चला दी जो उसके साथ बैठे नितिन की कमर पर लगी। दोनों को उपचार के शहर के निजी अस्पताल में लेकर गए जहां से ईशांत को एमएम मेडिकल कॉलेज मुलाना में रेफर कर दिया गया।
ईशांत शर्मा व राजन वर्मा के बीच में काफी समय से रंजिश चल रही है। राजन ने ईशांत व साथियों पर फरवरी 2020 में केस दर्ज कराया था। ईशांत पर पहले ही दस केस दर्ज हैं। जिनमें से राजन ने ही दो केस दर्ज करवा रखे हैं। थाना फर्कपुर एसएचओ शीलावंती का कहना है कि आरोपी राजन ने गोली लाइसेंसी रिवाल्वर से चलाई थी। मौके से गोली के छह खोल बरामद किए है। राजन व उसके पिता पवन पर केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।