संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मोहाली की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में चूरापोस्त बरामद किया गया। टीम ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया। जांच में पता चला है कि दोनों यूपी के मुरादाबाद से पंजाब के लुधियाना लेकर जा रहे थे।
गुप्त सूचना मिलने पर एनसीबी मोहाली की टीम ने यमुनानगर बस स्टैंड के पास दबिश देकर दो आरोपियों को काबू किया। उनके पास से चार बैग मिले। तलाशी में बैग से टीम ने 35.09 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह व उसके बेटे गुरकृपाल सिंह निवासी लुधियाना पंजाब के रूप में हुई।
टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर शिवम वर्मा के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह चूरापोस्त की खेप यूपी के मुरादाबाद से लेकर आए थे और लुधियाना जा रहे थे। वहां पर चूरापोस्त की सप्लाई होनी थी। इसके बाद टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर यमुनानगर की अदालत में पेश किया। दोनों आरोपियों को दो दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। रिमांड पर लेकर आरोपियों से तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।