शामली से अंबाला तक बनने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का कार्य करने आए कंपनी के कर्मचारियों को रादौर में किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। कर्मचारी सड़क निर्माण के लिए शुक्रवार को जेसीबी साथ लेकर आए थे, पर किसानों ने काम रुकवा दिया। किसानों का कहना था कि कंपनी को कार्य शुरू करने से पहले किसानों को नोटिस देना चाहिए था। कारण की अधिग्रहीत भूमि में फसल लगी हुई है।
अंबाला से शामली के बीच भारतमाला परियोजना के तहत छह लेन का नया एक्सप्रेस-वे बनना है। यह 3663.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मार्ग की लंबाई अंबाला-चंडीगढ़ रोड से शामली तक 110 किलोमीटर होगी। यह एक्सप्रेस-वे अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर से होते हुए वेस्ट यूपी के सहारनपुर और शामली जिले को आपस में जोड़ेगा, लेकिन काम शुरू होते ही रादौर में निर्माणदायी कंपनी को विरोध का सामना करना पड़ा है। रादौर के एसआर पेट्रोल पंप के पास खेतों में सड़क बनाने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने शुक्रवार को जैसे ही काम शुरू किया। तभी इसका पता चलते ही मौके पर बापौली और आसपास के किसान पहुंच गए। किसानों ने विरोध कर सड़क निर्माण का कार्य रुकवा दिया। किसान बलबीर सिंह, नोरती राम, अजय सिंह, भोपाल, लवकेश, राजेश राणा, देशराज, रामकुमार, प्रिंस, संदीप शर्मा, अमित, कंवरजीत सिंह, कर्मजीत, भूषण, अर्जुन सैनी, जसविंदर ने बताया कि सरकार ने शामली से अंबाला तक बनने वाले एक्सप्रेस-वे के लिए बापौली और आसपास के गांवों के किसानों की भूमि अधिग्रहण की है, लेकिन निर्माण से पहले संबंधित किसानों को कोई जानकारी नहीं दी गई। वहीं किसानों ने अधिग्रहीत खेतों में फसल लगाई है। यही कारण है कि किसानों को विरोध में उतरना पड़ा है। किसानों ने बताया कि उनकी भूमि का बाजार भाव एक करोड़ रुपये प्रति एकड़ है, लेकिन सरकार ने उन्हें अधिग्रहीत भूमि का उचित मुआवजा नहीं दिया है। इसके अलावा एक्सप्रेस से गांव की सड़कों को जोड़ने का भी प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।