अहड़वाला के पास गेहूं से भरी यूपी से आई ट्रालियों पर कार्रवाई करती पुलिस। भाकियू
व्यासपुर। कपालमोचन-रणजीतपुर मार्ग पर गांव अहड़वाला के समीप पुलिस ने उतर प्रदेश से आ रही गेहूं से भरी तीन ट्रालियों को भाकियू पदाधिकारियों ने पकड़ कर कब्जे में लिया। भारतीय किसान यूनियन के संजू अहड़वाला, संजीव कुमार, शिव चरण सहित अन्य सदस्यों के द्वारा गांव अराइयांवाला के समीप उतर प्रदेश की तरफ से आ रही गेहूं से भरी तीन ट्रालियों को आते हुए देखा गया। किसानों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। किसानों का कहना है कि अनाज मंडियों में स्थानीय किसानों का अनाज बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरे प्रदेश से आने वाले गेहूं काे कम दामों में खरीद कर स्थानीय किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
किसानों का कहना है कि रणजीतपुर अनाज मंडी हिमाचल की सीमा के साथ सटी हुई है। वहां अन्य प्रदेशों का अनाज आसानी से पहुंच जाता है। इसके लिए उपमंडल प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। दूसरे प्रदेश से आने वाली गेहूं पर पूरी तरह से रोक लगानी चाहिए। थाना प्रभारी विनोद सैनी ने तुरंत टीम का गठन कर ट्रालियों की खोजबीन शुरू कर दी। देर शाम को एक ट्राली को गांव अहड़वाला के समीप रणजीतपुर की ओर जाते हुए देखा गया कुछ ही दूरी पर पीछे अन्य दो ट्रालियां भी आ रही थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर दोनो ट्रालियों को कब्जे में ले कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। गेहूं से भरी तीनों ट्रालियां रणजीतपुर अनाज मंडी में एक आढ़ती के पास बिकने के लिए जा रही थी। थाना प्रभारी विनोद सैनी ने बताया कि तीनों ट्रालियां को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद