व्यासपुर। अखिल भारतीय किसान सभा का प्रतिनिधिमंडल जिला सचिव दिलबाग सिंह और राज्य प्रधान गुरुभजन सिंह के नेतृत्व में मार्केट कमेटी सचिव सुमनलता से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मंडी में शुरू होने वाली धान की सरकारी खरीद को लेकर किसानों की समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
राज्य प्रधान गुरु भजन सिंह ने मांग रखी कि मंडी में पहुंचने वाली धान की फसल की नियमों के अनुसार खरीद सुनिश्चित की जाए। किसानों की फसल में नमी की जांच पारदर्शी तरीके से की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी या आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
विज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल ने मंडी में किसानों के लिए पीने के पानी, बाथरूम और शौचालय की उचित व्यवस्था कराने की मांग की। इसके अलावा मंडी परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। गुरुभजन सिंह ने कहा कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
किसान सभा पूरे हरियाणा की मंडियों में जाकर किसानों की समस्याओं को प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएगी। मार्केट कमेटी सचिव सुमनलता ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मंडी में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।