संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ट्यूबवेल की मोटर चोरी से परेशान बहादुरपुर, लक्ष्सीबांस, खजूरी समेत आसपास के कई गांवों के किसान एकजुट होकर शनिवार को जठलाना थाने के सामने जाम लगा दिया। आक्रोशित किसानों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इससे कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत किया। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि 48 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई की जाएगी।
गांव बहादुरपुर के सरपंच सुनील कुमार, संजय, राजकुमार, विपिन, कपिल कांबोज, जयप्रकाश, आदित्य, मंगत कपूर, गुलशन कपूर, राकेश कांबोज व दिनेश कांबोज सहित अन्य किसानों ने बताया कि पिछले कुछ ही दिनों में उनके गांव से खेतों में लगे ट्यूबवेलों से 40 से 50 मोटर चोरी हो चुकी हैं। न केवल बहादुरपुर बल्कि नजदीकी खजूरी और लक्ष्सीबांस में भी लगातार इसी तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
किसान अपनी मेहनत की कमाई से नई मोटर लगाते हैं। दूसरे ही दिन वह भी चोरी हो जाती है। इससे किसान बेहद परेशान और आर्थिक नुकसान से जूझ रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित है। कई मामलों में जांच आगे नहीं बढ़ती और न ही चोरी हुए सामान की बरामदगी हो पाती है।
यदि पुलिस नियमित गश्त और प्रभावी कार्रवाई करती, तो चोरों के हौसले इतने बुलंद न होते। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। एक ही रात में कई कई ट्यूबवेलों पर चोरियां हो जाती है लेकिन अभी तक कोई भी चोर गिरोह का सदस्य पुलिस के हाथ नहीं चढ़ पाया है। जिसका खामियाजा किसानों को उठाना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें उग्र आंदोलन का सहारा लेना पड़ेगा। उन्होंने ट्यूबवेल क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और पिछले दिनों हुई चोरी मामलों की त्वरित जांच की मांग की। ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही चोरी की इन घटनाओं से किसानों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
चोर केवल मोटर ही चोरी नहीं करते बल्कि केबल व बिजली के अन्य उपकरण भी चोरी कर ले जाते हैं। केबल को तो ट्यूबवेल के पास ऐसी जगह से काटा जाता है कि उसमें जोड़ भी नहीं लगा पाते। पुलिस पुलिस चोरों को गिरफ्तार करने बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोर एक के बाद एक वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
अगले 48 घंटे में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। थाना पुलिस के अलावा सीआईए की मदद लेकर चोरों को पकड़ा जाएगा। गांवों में पुलिस की गश्त भी बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा पुलिस टीम व ग्रामीणों की मदद से गांवा में ठीकरी पहरा लगवाने का प्रबंध भी किया जाएगा। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष रणनीति अपनाई जाएगी। -संदीप कुमार, प्रभारी, थाना जठलाना।