संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भारतीय किसान यूनियन (रत्नमान) के पदाधिकारियों ने सोमवार को बिजली निगम के एसई कार्यालय की कुंडी लगा दी। एक घंटे तक एसई कार्यालय का दरवाजा बाहर से बंद रहा। तब तक सारा स्टाफ कार्यालय में ही बंद रहा। किसानों ने आरोप लगाया कि बिजली निगम के एसडीओ सुमित ढांडा पर किसान नेताओं से बदसलूकी करने का आरोप लगाया।
किसानों ने एसडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में एसई पुनीत कुमार के कार्यालय में किसानों व अधिकारियों की बातचीत हुई .जिसमें एसडीओ सुमित ने किसानों से माफी मांगी। वहीं किसानों ने बिजली सुचारू रूप से नहीं मिलने और तार के जर्जर होने का मामला उठाया। एसई ने आश्वासन दिया कि जो काम उनके स्तर पर हो सकते हैं वह उन्हें जल्द पूरा करवा देंगे।
भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसान व अन्य नेता हलका साढौरा अध्यक्ष सतपाल मानकपुर की अध्यक्षता में एसई कार्यालय पर पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। यहां अधिकारी मौजूद नहीं थे। इस पर किसान नेताओं ने एसई कार्यालय के दरवाजे का बाहर से कुंडी लगा दी। इससे जितना स्टाफ अंदर काम कर रहा था, वह बाहर नहीं जा सका।
भाकियू जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि एसडीओ सुमित ढांडा से किसान अपनी समस्याओं को लेकर बात करने गए थे। एसडीओ अपने कार्यालय में मोबाइल में व्यस्त थे और वह किसानों से नहीं मिले। इसके बाद जब बातचीत हुई तो एसडीओ ने किसान नेताओं से बदसलूकी की। किसानों के अनुसार एसडीओ ने कहा कि मेरी टोन ऐसी ही है। इस पर किसानों ने कहा कि टोन तो हम एक दिन में बदल कर रख देंगे।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों के ट्यूबवेल कनेक्शन एक वर्ष बाद भी नहीं दिए गए। 10 हॉर्स पावर की मोटर वाले किसानों को धक्के से सोलर का कनेक्शन दिया जा रहा है। किसान मजदूर के डेरोंमें बिजली की सप्लाई के बारे में भी किसानों के लिखित 10 मुद्दों पर एसई के साथ बातचीत हुई।
बाद में एसडीओ सुमित ढांडा ने किसानों से एसई पुनीत कुमार के सामने माफी मांगी। इस मौके पर महेंद्र चमरौड़ी मंडल उपाध्यक्ष,सु भाष शर्मा जिला प्रभारी, दिलबाग ताहरपुर उपाध्यक्ष, स. रविंद्रपाल महासचिव, जगतार रानीपुर, सुभाष हरतोल प्रधान बिलासपुर, अशोक डांगी प्रधान रादौर, बीर सिंह संधू प्रधान रणजीतपुर, सुखदेव सलेमपुर प्रधान छछरौली, जनक पांडो प्रधान साढौरा आदि मौजूद रहे।
एसई ने उदाहरण देकर समझाया
एसई पुनीत कुमार के कार्यालय में किसान व एसडीओ आमने सामने बैठे थे। किसान एसडीओ का तबादला करने की मांग पर अड़ गए। इस पर एसई ने एक उदाहरण देते देते हुए किसानों से कहा कि यदि घर में कोई बालक शरारती हो और वह किसी पड़ोसी का सिर फोड़ आए तो उसके साथ क्या करना चाहिए। उस बालक को समझाना चाहिए न की शय देनी चाहिए। एसडीओ को हमने शय नहीं दे रखी है। एसडीओ को मैंने भी समझाया था। यदि बालक को समझाएंगे नहीं तो उसकी पड़ोसी के साथ सारी उम्र दुश्मनी रहेगी।
जल्द पूरी होंगी मांगें : पुनीत कुमार
एसई पुनीत कुमार ने कहा कि किसानों ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया है। जो समस्याएं थी उन्हें संबंधित एसडीओ को बता दिया गया है। जो समस्याएं हमारे स्तर पर दूर हो सकती हैं उन्हें जल्द दूर कर दिया जाएगा। जो सरकार के लेवल का मामला है उस बारे में लिखा जाएगा। किसानों को विश्वास दिलाया कि जिला के किसी भी कार्यालय में किसानों के साथ बदसलूकी नहीं की जाएगी।