संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। धान रोपाई के समय तय शेड्यूल के अनुसार बिजली न मिलने से खफा किसानों ने भाकियू के हलका प्रधान सतपाल मानकपुर के नेतृत्व में बिजली कार्यालय के मेन गेट पर धरना प्रदर्शन किया। किसानों के एक घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे एसडीओ विकास बंसल द्वारा किसानों को शेड्यूल के मुताबिक सुबह आठ से शाम शाम बजे के बजाय देर शाम को लगातार आठ घंटे बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिए जाने पर ही किसानों ने धरना खत्म किया।
भाकियू रतन मान गुट के हलका प्रधान सतपाल मानकपुर ने कहा कि 15 जून के बाद धान की रोपाई का काम शुरू हो चुका है। लेकिन किसानों को तय शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है। इस दौरान भी कभी वोल्टेज की कमी तो कभी लाइन खराबी के कारण किसानों के नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। इससे किसान बहुत परेशान हो गए हैं।
भाकियू के खंड प्रधान जनक पांडो ने कहा कि किसान हितैषी होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार में किसानों को समुचित बिजली न मिलने से परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जो फीडर ब्रेकडाउन हो बिजली विभाग को उसकी भी बिजली आपूर्ति पूरी करनी चाहिए।
शाम को धान की रोपाई के सीजन के दौरान किसानों को एक घंटा अतिरिक्त बिजली दी जाए, जिससे किसानों को धान की रोपाई के समय किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर सुभाष शर्मा, जसबीर पांडो नंबरदार, संजीव शामपुर, जसपाल सिंह, बलबीर सिंह, अमन संधू सैदूपुर, जसबीर राठी शामपुर, रणदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।