उत्तर भारत की सबसे बड़ी लक्कड़ मंडी में आने वाली लकड़ी पर सोमवार से किसान रोक लगा देंगे। मंडी में यदि लकड़ी की आवक नहीं हुई तो फैक्ट्री संचालकों को रोजाना करीब 20 करोड़ का नुकसान होगा। दूसरे राज्यों से मंडी में आने वाली लकड़ी को रोकने के लिए किसान राज्य की सीमाओं पर ही ट्रालियों व ट्रकों को रोक लेंगे।
आंदोलन की रूपरेखा व रणनीति रविवार को किसान भवन में आयोजित भारतीय किसान संघ की बैठक में तैयार की गई। किसान नेताओं की सभी सीमाओं पर ड्यूटियां लगाई गईं। संघ की इस बैठक में भारतीय किसान यूनियन (गुणी प्रकाश गुट) के नेताओं ने भी उनकी मांग का समर्थन दिया।
किसानों का यह आंदोलन पॉपुलर के गिरते दामों को लेकर है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि फिर भी उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे लक्कड़ मंडी बंद कर देंगे।
भारतीय किसान संघ के सदस्य रविवार सुबह किसान भवन में संघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष रतन सिंह देवधर के नेतृत्व में एकत्रित हुए। संघ के सोमवार से शुरू होने होने वाले पॉपुलर आंदोलन का भारतीय किसान यूनियन (गुणी प्रकाश गुट) के जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने अपने सदस्यों के साथ बैठक में शामिल होकर समर्थन किया।
प्रदेश के संगठन मंत्री सुरेश ने कहा कि सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। 1200 से से 1500 रुपये तक बिकने वाला पॉपुलर आज मात्र 400 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। दाम कम मिलने से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
पॉपुलर बेचने पर आढ़तियों द्वारा किसानों को पक्की रसीद नहीं दी जाती। यह खामियां काफी समय से हैं, जिनको आज तक सरकार ने नहीं माना है। उनकी मांग है कि पॉपुलर का रेट 1200 रुपये प्रति क्विंटल किए जाए। इसके साथ ही आढ़तियों द्वारा लकड़ी पर लगाई जा रही अवैध काट बंद हो। मौके पर सुभाष, विकास राणा, राजकुमार, मदन, अमृत, ज्ञानचंद, राहुल राणा, हरिओम मौजूद रहे।
किसान यहां पर रोकेंगे ट्रालियां
लक्कड़ मंडी में लकड़ी की आवक बंद करने के लिए भारतीय किसान संघ दूसरे राज्यों से मंडी में आने वाली हर सड़क पर नाके लगाएगा। ताकि मंडी में लकड़ी लेकर आने वाले वाहनों को रोका जाए। उत्तरप्रदेश-हरियाणा की सीमा पर चंडीगढ़ रुड़की नेशनल हाईवे 73 पर कलानौर नाके के पास संघ के जिला प्रधान रामबीर चौहान की अध्यक्षता में किसान नाकाबंदी करेंगे। खजूरी रोड पर राजकुमार व मदन भगत अन्य किसानों के साथ लकड़ी से भरी ट्रालियां रोकेंगे। जगाधरी अंबाला पर रक्षक विहार नाके के पास विश्वास शर्मा, पिंटू राणा, नीरज गोस्वामी की अध्यक्षता में नाका लगाया जाएगा। एनएच 73 अर्थात छछरौली रोड पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रतन सिंह देवधर की अध्यक्षता में नाका लगाया जाएगा। सहारनपुर-कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर रादौर नाके की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन (गुणी प्रकाश गुट) के जिलाध्यक्ष सुभाष धौड़ंग के नेतृत्व में किसान नाकाबंदी करेंगे। बीकेडी रोड (बुड़िया खदरी देवधर) पर सुरेश कनालसी की अध्यक्षता में नाकाबंदी की जाएगी।
20 करोड़ रुपये की रोजाना बिकती है लकड़ी
संघ के जिला प्रधान रामबीर चौहान के अनुसार आरटीआई में मिली जानकारी के अनुसार जिले में 1157 यूनिट, 312 प्लाईवुड फैक्ट्री, 284 पीलिंग मशीनें, 56 चीपर टोका मशीन, 505 आरा मशीन है। जिनपर सात सौ से अधिक लक्कड़ आढ़ती सप्लाई देते है। इन फैक्ट्रियों में प्रतिदिन चार लाख क्विंटल लकड़ी की खपत होती है। पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल भी यदि लकड़ी का दाम लगाया जाए तो 20 करोड़ रुपये की लकड़ी रोजाना बिकती है। यदि लक्कड़ मंडी में लकड़ी की आवक बंद हो गई तो 20 करोड़ का रोजाना नुकसान होगा।