बिजली कटौती की समस्या से परेशान छह गांवों के किसानों और ग्रामीणों ने वीरवार को काजीबांस पावर हाउस पर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। किसानों ने जिला अध्यक्ष संजू गुंदयाना के नेतृत्व में बिजली निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर बिजली सप्लाई दुरुस्त करने की गुहार लगाई। आक्रोशित किसानों से बात करने के लिए बिजली निगम के एसडीओ पंकज देशवाल व थाना छप्पर थाना प्रभारी अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को दो दिन तक पूरा कर दिया जाएगा। इसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ।
भाकियू जिला प्रधान संजू गुंदयाना ने बताया कि काजीबांस पावर हाउस से ट्यूबवेलों के लिए मसाना रांगडान के नाम से नया फीडर बनाया गया है। तीन महीने पहले फीडर का काम पूरा हो चुका है। बिजली के पोल और तार सब लग चुकी हैं, लेकिन निगम की ओर से फीडर को शुरू नहीं किया गया। इससे गांव रपौली व मसाना समेत छह गांवों के किसानों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बसंतपुर पावर हाउस से इन गांवों में बिजली की सप्लाई की जा रही है, जिसमें बार-बार कट लगता है। वोल्टेज बहुत कम आती है, जिस कारण ट्यूबवेल से पानी नहीं आ पाता। वहीं बारिश न होने के कारण किसानों को बहुत समस्या आ रही है। जिससे परेशान होकर किसानों ने काजीबांस पावर हाउस पर प्रदर्शन किया है।
किसान पप्पल, जोगिंदर, गुल्लू, लाडी, गुलजार, गुरिंदर, हरिंदर, बलविंदर लालर, जयसिंह, जसमेर, मोहनलाल आदि ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की समस्या बहुत बढ़ गई है। मानसून की देरी के चलते फसल सूखने के कगार पर है। ऐसे में उन्हें सिंचाई करने के लिए बिजली की सख्त जरूरत है। क्योंकि एक तो डीजल इंजन से चलने वाले पंप कम हैं, वहीं डीजल का रेट पर 90 रुपये प्रति लीटर हो रहा है। इतनी की फसल नहीं हो पाएगी। जितना की खर्चा हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन तक बाद फीडर चालू नहीं किया तो दोबारा से फिर पावर हाउस का घेराव किया जाएगा। वहीं मौके पर पहुंचे एसडीओ रादौर पंकज देशवाल और एसएचओ थाना छप्पर ने किसानों की समस्या को सुना और फीडर को चालू करने के लिए दो दिन का समय मांगा। जिस पर किसानों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
वर्जन
-गर्मी बढ़ने के कारण लोड बढ़ गया है। जिसके कारण लो वोल्टेज और ट्रिप की समस्या भी बढ़ गई है। मानसून में देरी से चलते किसान भी परेशान हैं। हमारी कोशिश है कि कम से कम बिजली कटौती की जाएं, लेकिन तकनीकी कारणों से कट लग रहे हैं। मसाना रांगडान फीडर को जल्द शुरू किया जाएगा। जिससे कई गांवों के लोगों को फायदा होगा।
-पंकज देशवाल, एसडीओ, बिजली निगम