रादौर। पश्चिमी यमुना नहर से गांव मोहड़ी निवासी 29 वर्षीय मुबारिक खान का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। इस संबंध में परिजन और ग्रामीण गांव जठलाना के सरपंच प्रतिनिधि बीर सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को थाना जठलाना प्रभारी अमित त्यागी से मिले। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
परिजनों के अनुसार मुबारिक खान यमुनानगर की एक फैक्टरी में कार्यरत था। 21 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे वह बाइक पर ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन फैक्टरी नहीं पहुंचा। रास्ते में बहादुरपुर और सुखपुरा के सीसीटीवी कैमरों में उसकी बाइक दिखाई दी, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बाद में उसकी बाइक गांव खुर्दी के पास नहर किनारे खड़ी मिली और 24 मई को कुरुक्षेत्र जिले के गांव हिनौरी के पास नहर से उसका शव बरामद हुआ। मुबारिक खान अविवाहित था और अक्टूबर में उसकी शादी होनी थी। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता अब्दुल रज्जाक जठलाना के एक मदरसे में अध्यापक हैं। परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या की गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।