छछरौली खंड के गांव जयधर में बुधवार सुबह खेतों में मृत मिले विजय कॉलोनी निवासी 64 वर्षीय इरफान केशव के मामले में बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों ने विरोध जताया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में थाना छछरौली प्रभारी वेदपाल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हो गए।
परिजनों के विरोध के कारण कुछ समय तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया रुकी रही। थाना प्रभारी वेदपाल ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद इरफान के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
सैर करने गए लोगों ने देखा था शव
बुधवार सुबह गांव जयधर में कुछ लोग सैर करने के लिए खेतों की ओर गए थे। इस दौरान उन्होंने खेत में एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों के साथ डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में मृतक की पहचान विजय कॉलोनी निवासी इरफान केशव के रूप में हुई।
पांवटा साहिब में प्रॉपर्टी देखने गया था
बताया गया है कि इरफान पावरी रोड स्थित एक ईंट भट्ठे पर ठेकेदार था और मिट्टी सप्लाई का काम करता था। वह अपने एक साथी के साथ पांवटा साहिब में प्रॉपर्टी देखने के लिए गया था। इसके बाद से वह लापता था। बुधवार सुबह उसका शव जयधर के खेत में मिला। पुलिस को मृतक की जेब से 50 हजार रुपये भी बरामद हुए थे।
जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
थाना छछरौली प्रभारी वेदपाल ने बताया कि इरफान के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। उन्होंने परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।