यमुनानगर। छछरौली क्षेत्र के गांव बलौली में पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक परिवार पर तलवारों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस ने शिकायत पर छह नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को दी शिकायत में गांव बलौली निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसका साला केशव गांव में रहकर मजदूरी करता है।
कुछ दिन पहले काम से लौटने के दौरान केशव की गांव के ही प्रवीण और अंकित के साथ कहासुनी हो गई थी। उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। शिकायत के अनुसार, वीरवार रात वह गांव के पास खड़ा था।
इसी दौरान प्रवीण, अंकित, अनिल, महेंद्र, राजकुमार, रवि कुमार और उनके कुछ अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर तलवारों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह वहां से भागा, लेकिन शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक, नर सिंह और नाथी पर भी हमला कर दिया गया। हमले में तीनों घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों का उपचार कराया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरु कर दी गई है। संवाद