भोजपुर-भगवानपुर रोड पर फैक्टरी से छुट्टी कर लौट रहे मुनीम के सिर में तीन बदमाशों ने रॉड मार कर लूटपाट की। बदमाशों ने चलती बाइक पर पहले रॉड मार की मुनीम को नीचे गिराया। इसके बाद उसकी जेब से सात सौ रुपये की नकदी, एटीएम, पासबुक, चेकबुक व बाइक लूट ली। पुलिस ने मामले में मुनीम की शिकायत पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गांव भगवानगढ़ निवासी अमित कुमार ने बताया कि वह पुराना सहारनपुर रोड पर रामा प्लाईबोर्ड फैक्टरी में मुनीम है। रोज की तरह सोमवार रात करीब 11 बजे फैक्टरी से छुट्टी कर वह अपने घर गांव भगवानगढ़ अपनी बाइक से लौट रहा था। जब वह गांव भोजपुर से भगवानगढ़ वाली सड़क पर गांव भगवानगढ़ के पास बाइक पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। आरोपियों ने उसकी बाइक के बराबर में अपनी बाइक लगाई। इस दौरान बाइक पर सबसे पीछे बैठे युवक ने लोहे की रॉड से उसके सिर में वार किया। दूसरा वार आरोपियों ने उसकी बाजू पर किया। इससे उससे चक्कर आने लगे। इससे वो बाइक समेत नीचे गिर गया। इसके बाद दो आरोपियों ने उसे पकड़कर उसकी कमीज की जेब से मोबाइल, पेंट की बांई जेब से एटीएम, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, सात सौ रुपये की नकदी व अन्य दस्तावेज छीन लिए। बदमाशों ने उससे बाइक छीन ली और उसे धक्का देकर वहां से फरार हो गए। बाइक की डिग्गी में एक्सिस बैंक की पासबुक व चेकबुक थी। जो बदमाश बाइक समेत ले गए। किसी तरह वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच के बाद पुलिस ने अमित की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
सुघ में हुई वारदात से दो घंटे पहले मुनीम को लूटा
सुघ माजरी में परिवार को बंधक बनाकर लूटने की वारदात से मात्र दो घंटे पहले बदमाशों ने मुनीम को लूटा। जिस स्थान पर मुनीम के साथ वारदात हुई, वह स्थान सुघ माजरी से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर है। आशंका जताई जा रही है कि जिन बदमाशों ने सुघ माजरी में वारदात को अंजाम दिया, उन्हीं बदमाशों ने ही मुनीम को भी लूटा। पुलिस भी दोनों लूट की वारदात को साथ जोड़कर जांच कर रही है।