लॉरेंस बिश्नाई और गोल्डी बराड़ के नाम पर धमकी देकर आढ़त कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। पैसे नहीं देने पर आरोपी को नुकसान उठाने की चेतावनी दी। कारोबारी ने परिवार के साथ मिलकर पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत ही बिलासपुर थाने में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले में कुछ संदिग्धों को रडार पर लिया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
मामला थाना बिलासपुर क्षेत्र का है। बिलासपुर निवासी आढ़त कारोबारी शिवकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास 19 दिसंबर को एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले युवक ने खुद लॉरेंस बिश्नाई गैंग का सदस्य बताया और एक करोड़ रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर नुकसान उठाने की चेतावनी दी।
कारोबारी शिवकुमार का कहना है कि उसके पास इसके बाद लगातार फोन आते रहे। लेकिन, उसने फोन रिसिव नहीं किया। 20 दिसंबर को सुबह छह बजे एक बार फिर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाला युवक भी दूसरा था। कॉल करने वाले युवक ने बताया कि वह गोल्डी बराड गैंग से बोल रहा है और एक करोड़ रुपये की मांग की। जब कारोबारी ने इतने पैसे न होने की बात कही तो आरोपी ने कहा कि भाई ने एक करोड़ रुपये कहा है। लेकिन वह 70-80 लाख रुपये में निपटवा दूंगा। यहीं कॉल करने वाले ने चेतावनी भी दी कि उसके पास उसके पूरे परिवार और रिश्तेदारों की जानकारी है। यदि पैसे नहीं दिए तो नुकसान उठाना पड़ेगा।
कारोबारी का कहना है कि पहले तो उन्हें लगा कि यह किसी ने शरारत करने को फोन किया। लेकिन परिवार के साथ सलाह ली। इसके बाद कारोबारी अपने परिजनों के साथ थाने पर पहुंचा और शिकायत देकर केस दर्ज कराया। पुलिस ने तुरंत ही अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।