संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। किसानों ने यूरिया खाद की किल्लत को लेकर भाकियू खंड प्रधान जनक राज पाण्डो के नेतृत्व में मंगलवार को मार्केट कमेटी में बैठक की। बैठक में किसानों ने यूरिया खाद की किल्लत पर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। साथ ही चेतावनी की 11 जुलाई तक समस्या समाधान नहीं किया तो हैफेड व सहकारी समितियों पर ताला जड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
खंड प्रधान जनक राज पाण्डो ने कहा कि यूरिया न मिलने के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूरिया खाद के लिए किसान सहकारी समिति व हैफेड के अलावा सरकारी व निजी दुकानों के चक्कर काट रहा है। यूरिया नहीं मिलने से किसान परेशान है। किल्लत के कारण किसानों को अपनी फसलें कमजोर होने भय सता रहा है।
यूरिया की किल्लत के कारण किसानों की फसलें खराब हो सकती है। भाकियू के जिला प्रभारी सुभाष शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी यूरिया की कमी को लेकर चुप्पी साधे बैठे है और किसान परेशान हो रहा है। किसानों ने प्रशासन से जल्द यूरिया खाद मुहैय्या कराने की मांग की है। इस मौके पर रामपाल सफीलपुर, जयपाल सिंह, रणधीर सिंह, कर्ण सिंह, रमेश कुमार, दर्शन लाल, गुरमेल सिंह, भीम सिंह, बलविंद्र सिंह, बलबीर सिंह, समिंद्र कुमार मौजूद रहे।