संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। छछरौली व बिलासपुर के नंबरदारों को पिछले पांच माह का वेतन नहीं मिला है। इस पर नंबरदारों ने रोष जताया है। साथ ही नंबरदार एसोसिएशन के बैनर तले एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। साथ ही एसडीएम से बकाया वेतन दिलाने की गुहार लगाई।
नंबरदारों ने उपमंडल प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि छछरौली व बिलासपुर के नंबरदारों को पिछले पांच माह से वेतन नहीं मिला है। इसके कारण नंबरदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार पालने में परेशानी हो रही है। बच्चों की फीस नहीं जमा कर पा रहे है।
नंबरदार अमरजीत सिंह, तारा चंद, सुल्तान सिंह, दीदार सिंह, भूपाल सिंह, शिवराम, किरनपाल, लक्ष्मण ने बताया कि नंबरदार प्रशासन व आमजन के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करते है। आमजन के सरकारी कार्य को समय से पूरा करने के लिए प्रयासरत रहते है। सुल्तान सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार को समय से नंबरदारों को वेतन देना चाहिए, नंबरदारों के वेतन में बढ़ोतरी करनी होगी, सभी नंबरदारों के आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनाए जाए, नए नंबरदारों को नियुक्त किया जाए।