संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। स्नातक (यूजी) कोर्स में दाखिले के लिए पहली वरीयता सूची में चयनित विद्यार्थियों को मंगलवार तक फीस जमा करने का मौका दिया गया था। फीस की अवधि बढ़ाए जाने पर उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से दूसरी वरीयता सूची जारी करने के कार्यक्रम में बदलाव किया था। नए शेड्यूल के अनुसार छह अगस्त को दूसरी वरीयता सूची जारी की जानी थी। वहीं मंगलवार सुबह निदेशालय ने फिर से इसमें बदलाव करते हुए प्रोविजनल व अंतिम वरीयता सूची मंगलवार को जारी करने का शेड्यूल अपडेट कर दिया। ऐसे में पूरा दिन विद्यार्थी और कॉलेज समिति सदस्य इसका इंतजार करते रहे पर वरीयता सूची जारी नहीं हुई। ऐसे में बुधवार को सूची जारी होने की उम्मीद है।
वहीं, पहली वरीयता सूची में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की फीस जमा करने का समय मंगलवार को समाप्त हो गया। अंतिम दिन होने के कारण विभाग को कई विद्यार्थियों के पहुंचने की उम्मीद थी पर बारिश ने इस पर पानी फेर दिया। सुबह से दोपहर तक जारी रही बारिश के कारण कॉलेज में इक्का-दुक्का विद्यार्थी ही पहुंचे। ऐसे में दाखिला समिति के सदस्य दिन भर खाली रहे और फिर शाम को घर लौट गए। दूसरी तरफ पहली वरीयता सूची में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को फीस जमा करवाने का अतिरिक्त समय मिलने के बाद भी कोई लाभ नहीं मिला। पहली वरीयता सूची में जिले के तमाम कॉलेजों में मात्र 18 फीसदी ही दाखिले हो पाए हैं। इससे कॉलेज प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। सबसे ज्यादा बुरा हाल बीए, बीकॉम संकाय में है। वहीं, दाखिलों में देरी होने के कारण कॉलेजों को व्यवसायिक कोर्स की सीट भरना भी चुनौती हो गया है। पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दूसरी वरीयता सूची पहले जारी होनी थी, लेकिन पहली सूची में शामिल विद्यार्थियों को फीस जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दिए जाने के बाद दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल आगे बढ़ाना पड़ा।
यह रहेगा नया शेड्यूल
विभाग के शेड्यूल के अनुसार चार अगस्त को प्रोविजनल और अंतिम वरीयता सूची जारी की जानी थी। अब पांच अगस्त को जारी की जाएगी। इसके शेड्यूल के अनुसार सात अगस्त तक दाखिले किए जाएंगे। हालांकि शेड्यूल के अनुसार सूची मंगलवार जारी करनी थी और चार से सात अगस्त तक दाखिले होने थे। परंतु वरीयता सूची में देरी होने से अब शेड्यूल का एक दिन कम हो गया है। हालांकि अभी तक विभाग की ओर से दिन बढ़ाने को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं की है।
विभाग ने शेड्यूल में बदलाव किया है। पहले छह अगस्त को सूची आने की सूचना थी, लेकिन इसमें बदलाव कर इसे चार अगस्त कर दिया गया। शाम तक सूची जारी नहीं की गई। संभव है कि बुधवार को सूची जारी हो जाए। शेड्यूल अनुसार दूसरे चरण में सात अगस्त तक दाखिले किए जाएंगे। - सुमन भाटिया, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी।