संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आईटीआई में घुसकर पांच-छह युवकों ने गोलनपुर गांव निवासी छात्र राहुल पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घायल छात्र का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गोलनपुर निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने आईटीआई में लाइन मैन की ट्रेड ली हुई है। शुक्रवार सुबह वह कक्षा में था। तभी एक युवक कक्षा में आया और कहने लगा कि गोलनपुर का कोई लड़का हो तो वह बाहर आ जाए। उसके गांव से कोई मिलने के लिए आया है। जब वह कक्षा से बाहर आया तो वहां पर कोई नहीं था। वापस कक्षा में जाने लगा तभी पीछे से पांच-छह युवक आए और उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने डंडों व चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। शोर मचाने पर जब आसपास के छात्र व शिक्षक एकत्र हुए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। अन्य छात्रों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में छह अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।