यमुनानगर। ग्राम और नगर योजनाकार विभाग ने शुक्रवार को जगाधरी के तेजली के रकबे में तीन एकड़ में बन रही कॉलोनी के अलावा बलाचौर के रकबे में बन रही दो एकड़ की कालोनी में अवैध निर्माणों को गिरा दिया।
विभाग ने इन कॉलोनियों में बन रही मिट्टी की तीन सड़कों के अलावा मकानों की डीपीसी को भी उखाड़ दिया। विभाग ने बलाचौर खारवन रोड पर दो एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में जेसीबी से बनी मिट्टी की तीन सड़कों को उखाड़ दिया।
डीटीपी डीआर पचीसिया ने बताया कि इस बलाचौर खारवन रोड पर दो एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी के भू मालिकों को मार्च 2014 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसका कोई जवाब न मिलने पर 24 मार्च 2014 को अवैध निर्माण गिराने का नोटिस जारी कर वीरवार को यह कार्रवाई की गई।
इसके बाद यह दस्ता जगाधरी के तेजली रकबे की ओर बढ़ गया। यहां पर दस्ते ने तीन एकड़ में बन रही एक कॉलोनी में चार मकानों की नीवों के अलावा छह मिट्टी की सड़कों को उखाड़ा। डीटीपी ने बताया कि यहां पर विभाग ने पहला कारण बताओ नोटिस 14 नवंबर 2013 को जारी किया।
इसके बाद कोई जवाब न मिलने पर 25 नवंबर 2013 को अवैध निर्माण गिराने का नोटिस दिया। विभाग को जब जमीन के नए मालिकों का पता चला तो अधिकारियों ने फिर 23 दिसंबर 2013 को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसकी सुनवाई की तारीख 30 दिसंबर 2013 थी।
इस नोटिस पर जमीन के मालिकों की ओर से जवाब आया कि उन्होंने कालोनी को काटने का काम रोक दिया है ओर आगे वह विभाग की परमिशन से ही कार्य करेंगे। लेकिन विभाग ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एक जनवरी 2014 को अवैध निर्माण गिराने का नोटिस जारी कर वीरवार 19 जून को अपनी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रुप में डीडीपीओ गगनदीप सिंह, विभाग के जेई श्याम लाल और अन्य कर्मचारियों के साथ पुलिस बल मौजूद रहा।