संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सिटी बस की डगर को मुश्किल बना रहे रेहड़ियां-फड़ियों सहित दुकानदारों के रखे सामान के अतिक्रमण पर आखिरकार अफसरों ने बुधवार को कार्रवाई अमल में लाई। जो रेलवे रोड पर यातायात पुलिस व नगर निगम ने संयुक्त रूप से की। इसमें अहिल्याबाई होल्कर चौक से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक तक रोेड से रेहड़ियां, बेतरतीब खड़े वाहन व दुकानदारों के सामान को हटाया गया।
सीएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम आयुक्त आयुक्त सिन्हा के निर्देश पर बुधवार को रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई में यातायात थाना प्रभारी रामपाल व उनकी टीम का सहयोग रहा। निगम की टीम में एएसआई सुमित बैंस, रणबीर व होमगार्ड के जवान शामिल रहे। इस दौरान लोगों को समझाया गया कि अपने वाहनों को उनके लिए सड़क किनारे तय की गई हद में ही खड़ा करें।
साथ ही दुकानदारों के सामान के साथ रेहड़ियों फड़ियाें को सड़कों व चौकों से हटाया गया। खासकर शहीद भगत सिंह चौक, महावीर चौक व महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक को चारों ओर से अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे सिटी बस से निकलने व मुड़ने में में कोई परेशानी न हो और न ट्रैफिक जाम की समस्या हो।
उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी से शहर में सिटी बस सेवा के तौर में चल रही इलेक्ट्रिक बसों को रेलवे रोड के रूट पर आधी सड़क तक रेहड़ियों-फड़ियों के अतिक्रमण व बेतरतीब खड़े वाहनों से आवागमन में दिक्कत हो रही थी। यहां इलेक्ट्रिक बस के पहुंचते ही जाम लग रहा था।
खासकर महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक पर बस के मोड़ काटने के दौरान ऐसा हो रहा था। इस परेशानी को अमर उजाला ने छह फरवरी के अंक में इलेक्ट्रिक एसी बसों की डगर को मुश्किल बना रहा अतिक्रमण शीर्षक से प्रकाशित किया। समाचार प्रकाशित होने के अगले ही दिन यातायात पुलिस व नगर निगम की ओर से मामले में कार्रवाई कर दी गई।