व्यासपुर। कपालमोचन मेले को लेकर मेला प्रशासक जसपाल सिंह गिल के निर्देश पर कस्बा में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने कपालमोचन बाईपास, छोटा बस स्टैंड, शिव चौक अग्रसेन चौक, छछरौली मोड़, कपालमोचन मार्ग से अतिक्रमण हटवाया।
अभियान में एसएचओ कुलदीप सिंह, ग्राम सचिव विजयंत नेहरा सहित पुलिस व प्रशासनिक टीम मौजूद रही। टीम ने सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी ठेले, रेहड़ियां और दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान को हटवाया। एसएचओ सिंह ने कहा कि राज्यस्तरीय कपालमोचन मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने, इसके लिए सड़कें पूरी तरह से खाली रखनी जरूरी हैं। उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अपना सामान सड़क पर न रखें।