शहर में लगातार दूसरे दिन चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
मीरा बाई बाजार में नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई, सड़कों पर रखा सामान किया जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने शहर की सड़कों पर लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान शहर के मुख्य बाजार मीरा बाई मार्केट में दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटाया गया। निगम की टीम ने दुकानों के आगे रखे सामान को जब्त किया। मीरा बाई मार्केट से अतिक्रमण हटाने के लिए निगम अधिकारियों ने कारागस वैन (ट्रक) को भी निकाल कर देखा गया ताकि इमरजेंसी के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी व एंबुलेंस निकल सके। वैन के आगे जो सामान आया, उसे निगम द्वारा हटाया गया।
निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह व जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ दस्ते बनाए गए हैं। मंगलवार को जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में बनी टीम ने मीरा बाई मार्केट पहुंची। टीम में एसआई सुशील कुमार, एएसआई सुमित लाठर, सुपरवाइजर रणबीर, राकेश तेजली व होमगार्ड के जवान शामिल थे। निगम की टीम ने वर्कशॉप रोड से मीरा बाई मार्केट से अतिक्रमण हटाना शुरू किया गया। जैसे ही निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाना शुरू किया तो दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। निगम की कार्रवाई को देख दुकानदार स्वयं अपना सामान उठाकर अंदर रखने लगे। निगम की टीम ने इस दौरान कारागस वैन (ट्रक ) को भी निकाल कर देखा। वैन के आगे जो सामान आया, उसे हटाया गया। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर सड़क पर सामान रखा तो उसे जब्त किया जाएगा। सीएसआई सुनील दत्त ने कहा कि अतिक्रमण से सड़क पर जाम लगने से कई बार आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की सेवाएं प्रभावित होती हैं, इसलिए सभी दुकानदारों से अपील है कि वे सड़क पर सामान न रखकर दुकान के अंदर रखें।