संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी फार्म 12डी भरकर मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मंगलवार को पोस्टल बैलेट के नोडल अधिकारी एवं छछरौली एसडीएम रोहित कुमार ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर इस बारे में जानकारी दी। साथ ही पिछली बैठक के बाद किए गए कार्य की समीक्षा की।
एसडीएम कुमार ने कहा कि पोस्टल बैलेट संबंधी फार्म नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पांच दिन के अंदर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी तक पहुंचना आवश्यक है। यदि पोस्टल बैलेट से मतदान करने वाला कर्मचारी जिले से बाहर का रहने वाला है तो उसे अपना फार्म 12 डी भरने के बाद अपने विभाग के नोडल अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष से सत्यापित कराने के पश्चात आठ सितंबर दोपहर 12 बजे तक जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में जमा कराना होगा।
आयोग के मुताबिक रेलवे, बिजली बोर्ड, बीएसएनएल, दूरदर्शन, ऑल इंडिया रेडियो, पोस्ट एंड टेलीग्राम, स्टेट मिल्क यूनियन एंड मिल्क को ऑपरेटिव सोसायटी, स्वास्थ्य विभाग, फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया, एवियशन, रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन, फायर सर्विसेज, ट्रैफिक पुलिस, एम्बुलेंस सर्विसेज, फायर फोर्स, जेल, वॉटर अथॉरिटी, ट्रेजरी सर्विसेज, फॉरेस्ट, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पुलिस विभाग, सिविल डिफेंस एंड होम गार्ड, फूड सिविल सप्लाई एंड कंज्यूमर अफेयर्स, पावर, पीडब्ल्यूडी विभाग तथा मीडियाकर्मी पोस्टल बैलेट से वोट डाल सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश पीयूष गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग का प्रयास है कि एक भी मतदाता वोट डालने के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसलिए जो कर्मचारी आवश्यक सेवाओं में लगे हुए हैं और वोट डालने के लिए बूथ पर नहीं जा सकते, उनको पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान करने की सुविधा दी गई है। उन्होंने बताया कि फार्म 12 डी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा लघु सचिवालय परिसर में दूसरी मंजिल स्थित निर्वाचन विभाग के कार्यालय से फार्म 12 डी प्राप्त किया जा सकता है।