संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में युवाओं को रोजगार से जोड़ने और शिक्षुता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला सचिवालय के सभागार में जिला आत्मनिर्भर अप्रेंटिसशिप कमेटी की मासिक बैठक सीटीएम पीयूष गुप्ता ने की। बैठक में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों को प्रशिक्षु सीटें भरने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिले के सभी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), सरकारी प्रतिष्ठानों और निजी उद्योगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिष्ठानों और आईटीआई के बीच शिक्षुता से संबंधित समन्वय में मौजूद अंतराल पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि यदि उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो तो युवाओं को अधिक प्रशिक्षण के अवसर मिल सकते हैं और उद्योगों को भी कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
सीटीएम गुप्ता ने उन प्रतिष्ठानों को विशेष निर्देश दिए जिन्होंने अभी तक कोई प्रशिक्षु नहीं लगाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे सभी प्रतिष्ठान अगली बैठक से पहले अपनी निर्धारित प्रशिक्षु सीटों को भरना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षुता कार्यक्रम युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने का एक प्रभावी माध्यम है।
बैठक में हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन (एचएसडीएम) के तहत शुरू होने वाले नए पाठ्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। संबंधित संस्थानों को इन पाठ्यक्रमों को शीघ्र शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान, एमएसएमई के डायरेक्टर अशोक वालिया, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि ललित महला, इस्जैक हैवी इंजीनियरिंग के एचआर मैनेजर डी.एन. मिश्रा और आदित्य चावला सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।