संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर। भारत विकास परिषद की सरस्वतीनगर शाखा की ओर से स्थानीय हनुमान मंदिर में कार्यशाला का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बंसल ने प्रांतीय पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत कर किया। उत्तर हरियाणा प्रांत के महासचिव अतुल गोयल ने परिषद की स्थापना के उद्देश्यों, संगठन की कार्यप्रणाली और विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परिषद समाज सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा प्रत्येक सदस्य को अपने सामाजिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
प्रांतीय अध्यक्ष कपिल गुप्ता ने परिषद के इतिहास और संगठन के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से परिषद से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेंद्र राणा ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए सदस्यों से अधिक पौधारोपण करने और सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में शाखा उपाध्यक्ष शिवचरण कपूर ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बलराम शर्मा, नीरज गोयल, अक्षय अग्रवाल, निखिल गोयल, बलविंद्र कुमार, हरीश गोयल, मदन सिंघल, निशांत अग्रवाल, सुरेंद्र गोयल, प्रवीण गोयल, नरेश बंसल, कुणाल कपूर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।