प्रतापनगर। कलेसर राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर एक हाथी शनिवार सुबह नेशनल हाइवे 73ए पर पहुंच गया। हाथी दो घंटे सड़क पर मस्ती करता रहा। वह सड़क किनारे लगे पेड़ों से खेलता रहा। सड़क पर सूंड़ हिलाकर चलता रहा। इससे हाइवे पर आवाजाही बाधित रही। सड़क पर खेलते हाथी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कलेसर राष्ट्रीय उद्यान प्रदेश का एकमात्र सबसे बड़ा जंगल है। यहां पर हाथी, चीता, हिरन, शीतल समेत दर्जनों प्रजाति के जानवर रहते हैं। वहीं नेशनल हाइवे जंगल के बीच से गुजरता है, ऐसे में जानवर सड़क पर आ जाते हैं। जानवरों के जंगल से बाहर आने पर सड़क मार्ग जाम हो जाता है। इस दौरान राहगीर इन जानवरों की मस्ती देखते हैं। शनिवार को भी एक हाथी जंगल से बाहर निकल कर सड़क पर घूमने लगा। हाथी को देखकर सड़क पर दो घंटे जाम लगा रहा।
वन्य प्राणी विभाग के जिला अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि यह पूरा जंगल ही जीव जंतुओं का है। यहीं उनका ठिकाना है। ऐसे में हाथी व अन्य जानवरों का सड़क पर आना स्वाभाविक है। उन्होंने राहगीरों से अपील की है कि किसी भी जानवर के जंगल से सड़क पर आ जाने पर उसे परेशान न करे। उसे देखकर उसकी तरफ आकर्षित न हो। भीड़ देखकर जानवर डर जाते हैं जो आक्रामक भी हो सकते हैं। ऐसे में उचित है कि दूर ही रहें। संभव हो तो रास्ता बदल दें। जानवर को सड़क से भगाने का प्रयास न करें। ऐसा करना जानवर और मनुष्य दोनों की जान पर भारी पड़ सकता है।