मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने शुक्रवार को मोहिद्दीनपुर खनन जोन एरिया में स्क्रीनिंग प्लांट पर छापेमारी कर बिजली चोरी व खनन सामग्री की फर्जी खरीद के मामले में कार्रवाई की है। शाकुंभरी स्क्रीनिंग प्लांट पर बिजली चोरी, फर्जी खरीद व कागजों में हेराफेरी कर अन्य स्टोन क्रशर को माल बेचने संबंधी खामियां मिली हैं।सीएम फ्लाइंग इंचार्ज दिनेश शर्मा ने बताया कि उनकी टीम खनन एवं भूविज्ञान विभाग निरीक्षक रोहित एवं बिजली विभाग सब डिवीजन छछरौली के एएलएम सतपाल को साथ लेकर पहुंची थी। स्क्रीनिंग संयंत्र संचालक पानीपत निवासी जोगिंद्र कुमार को मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आया। प्लांट पर मुंशी मिला जो संबंधी कागजात नहीं दिखा सका। इस दौरान पाया कि बिना खरीद के प्लांट द्वारा अन्य क्रशरों पर ई-रवाना भेजे गए थे। दो नवंबर के बाद प्लांट से जिन क्रशरों के लिए ई-रवाना काटे गए हैं और नकली कांटा पर्ची बनाई गई है। वहीं खरीद नकली ली गई है। इस सब के खिलाफ कार्रवाई करने बारे खान एवं भूविज्ञान विभाग को निर्देश दिए गए हैं।