संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। रणजीतपुर के घाड़ क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक गांव में दिन के समय बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद होने के कारण बिजली, पानी संकट गहरा गया हैं। दिन के समय गांव में लोगों को पीने के लिए वह पशुओं के लिए पानी की त्राहि मची हुई हैं। पिछले दस दिनों से घाड़ क्षेत्र के लोगों ने दिन के समय बिजली की आपूर्ति नहीं हुई है।
बिजली आपूर्ति सही न होने के कारण लोगों के सामने पीने के पानी की समस्या आन खड़ी हुई है। लोगों की मांग है कि बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित किया जाए दिन के समय बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद होने के कारण दुकानदारों का कार्य भी पूरी तरह से बंद हो चुका है। जिसके कारण दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है।
इरफान, राम जतन, इमरान, ऋषिपाल, बलदेव, सुल्तान सिंह, रहमान, कसूद मोहम्मद बिजोली, बीरमपाल रानीपुर ने बताया कि घाड़ क्षेत्र के बिजोली, बुड्ढी, नाईवाला, टोडरपुर, नयागांव, पिपलीवाला, तेवर, काठगढ़, धनोरा, भगवानपुर सहित दो दर्जन से अधिक गांवों में पिछले दस दिनों से दिन के समय बिजली आपूर्ति बिल्कुल बंद हैं। लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी बंद हो चुके हैं। गर्मी से आमजन बेहाल हैं। पीने के पानी के लाले पड़ चुके हैं।
किसानों की गन्ने की फसल, चारे की फसल व धान की पनीरी पूरी तरह से सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। लोगों का कहना है कि वे मिर्जापुर पावर स्टेशन में गए वहां पर उन्हें कोई बड़ा अधिकारी कर्मचारी नहीं मिला। अब वह एक्सईएन से मिलकर अपनी समस्या की गुहार लगाएंगे।
घाड़ क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पशुओं के पीने की पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। लोगों की विभाग से मांग है कि दिन के समय सुबह वह शाम को निश्चित समय निर्धारित करके कुछ देर के लिए विद्युत की आपूर्ति चालू की जाए ताकि ग्रामीण पीने के पानी पशुओं के लिए पीने के पानी वह अन्य कार्यों का निपटान समय रहते कर सके ताकि लोगों की पीने के पानी की समस्या का समाधान हो।