यमुनानगर। शहर में बिजली की तारों की चोरी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में जहां घर के चौकीदार पर ही चोरी का आरोप लगा है, वहीं दूसरे मामले में निर्माणाधीन मकान से लाखों रुपये कीमत की बिजली की तारें और सामान चोरी हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला जगाधरी के हुडा सेक्टर-17 का है। यहां निवासी गौरव गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने घर की देखरेख के लिए सागर नामक व्यक्ति को चौकीदार रखा हुआ है। 15 मार्च की सुबह करीब नौ बजे जब वह घर पर पहुंचा तो उसे बिजली की तारें गायब मिलीं। शक होने पर उसने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि तारें चौकीदार सागर ने ही चोरी की हैं। जब उससे इस बारे में पूछा गया तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद गौरव गर्ग ने पुलिस में शिकायत दी। वहीं, दूसरा मामला शहर के कैंप क्षेत्र का है। गुलाब नगर निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह गोल्डन पुरी में मकान का निर्माण करवा रहा है। 14 मार्च को काम खत्म करवाकर वह घर चला गया था। अगले दिन जब वह मौके पर पहुंचा तो वहां से बिजली के तारों के बंडल गायब मिले। जांच करने पर 25 बंडल बिजली की तारें और एक कॉपर पाइप चोरी पाया गया। संवाद