(यमुनानगर) जगाधरी। पंचायती राज चुनाव के लिए बुधवार को जिले की सीटों व आरक्षित वार्डों की घोषणा कर दी गई। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गिरीश अरोड़ा ने बताया कि हरियाणा पंचायती राज चुनाव नियम 2021 के नियम 5 में दिए गए प्रावधानों के अनुसार जिला परिषद की सीटों/वार्डों का आरक्षण की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग-ए के लिए दो वार्ड आरक्षित करने के लिए ड्रा निकाला गया। ड्रॉ निकालने के बाद जिला परिषद के सभी 18 वार्डों का आरक्षण किया गया है। अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए वार्ड नंबर 11, वार्ड नंबर 16 व वार्ड नंबर 18 तथा महिलाओं के अलावा अनुसूचित जाति के लिए वार्ड नंबर 5, वार्ड नंबर 15, व वार्ड नंबर 17 आरक्षित किया गया है। पिछड़ी जाति-ए की महिलाओं के लिए कोई वार्ड आरक्षित नहीं है।
महिलाओं के अलावा पिछड़ी जाति वर्ग-ए के लिए वार्ड नंबर 3 व वार्ड नंबर 13 आरक्षित किए गए हैं। महिलाओं के लिए वार्ड नंबर 2, वार्ड नंबर 4, वार्ड नंबर 7, वार्ड नंबर 9, वार्ड नंबर 12 व वार्ड नंबर 14 आरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के अलावा वार्ड नंबर 1, वार्ड नंबर 6, वार्ड नंबर 8 व वार्ड नंबर 10 आरक्षित है। ड्रॉ ऑफ लॉटस के दौरान जगाधरी के एसडीएम सुशील कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी शंकर लाल गोयल व अन्य अधिकारियों सहित गणमान्य व्यक्ति व आमजन उपस्थित रहे। मौके पर ड्रॉ ऑफ लॉटस की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी करवाई गई।