संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। प्रचंड गर्मी के चलते मौसम विभाग ने जिले के लिए 24 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को देखते हुए डीसी कैप्टन मनोज कुमार के निर्देशों पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने 24 मई तक जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में बाल वाटिका से आठवीं तक छुट्टी के आदेश जारी किए हैं।
इसके अलावा क्रच, प्ले-वे इत्यादि भी बंद रहेंगे। चूंकि 25 मई को शनिवार और मतदान दिवस है। इस कारण छुट्टी रहेगी। जारी पत्र में केवल विद्यार्थियों की छुट्टी के आदेश दिए गए हैं, वहीं पत्र में संलग्न किया गया है कि स्टाफ को पूर्व की भांति उपस्थिति रहना होगा।
जिले में हीट वेव का कहर चल रहा है। हर दिन पारा चढ़ता जा रहा है। रविवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सोमवार को तापमान में मामूली कमी रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने इस सप्ताह प्रचंड गर्मी का पूर्वानुमान दिया है। विभाग के अनुसार इस दौरान पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं लू भी चलेगी, जिसके देखते हुए बच्चों की छुट्टियां की गई हैं।
बड़ी कक्षाओं की भी छुट्टियों की मांग
वहीं नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अभी स्कूल आना होगा। हालांकि गर्मी के कारण स्कूल के समय में परिवर्तन किया गया है। जिसके बाद विद्यार्थियों की छुट्टी दोपहर 12 बजे हो जाती है परंतु इन दिनों गर्मी प्रचंड है और दोपहर में भयंकर लू चल रही है। ऐसे में छुट्टी के बाद विद्यार्थियों को चिलचिलाती धूप और तेज लू के बीच घर जाना पड़ता है। जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में अभिभावक बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों की भी छुट्टी करने की मांग कर रहे हैं। अभिभावक राजकुमार, प्रमोद कुमार, रमन, रविंद्र कुमार, सतीश ने कहा कि गर्मी को देखते हुए सभी स्कूलों व कक्षाओं की छुट्टियां कर देनी चाहिए।
डीसी के आदेशों पर सभी सरकारी व निजी स्कूलों के बाल वाटिका से आठवीं तक के विद्यार्थियों की 24 मई तक छुट्टी की गई है। बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इस दौरान यदि किसी ने आदेशों की अवहेलना करते हुए स्कूल खोला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - धर्मेंद्र चौधरी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी यमुनानगर।