संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यमुनानगर बस स्टैंड से कुरुक्षेत्र जा रही निजी बस में सवार यात्री के बैग से उसकी पत्नी की किट, सोने के टॉप्स और मोबाइल फोन चोरी हो गए। चालक और परिचालक ने बस में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने की बात कहकर फुटेज दिखाने में असमर्थता जताई। थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भोगपुर निवासी कुलदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़ने के लिए कुरुक्षेत्र स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। इसके लिए वह यमुनानगर बस स्टैंड से कुरुक्षेत्र जाने वाली निजी बस में सवार हुआ था। उसके पास दो बैग थे, जिन्हें उसने बस की पिछली खिड़की के पास रख दिया था।
इनमें से एक बैग में उसकी पत्नी की किट रखी हुई थी। किट में पत्नी के सोने के टॉप्स और मोबाइल फोन भी था। कुलदीप के अनुसार बस बस स्टैंड से चलकर महाराणा प्रताप चौक के पास पहुंची तो वह बैग से पत्नी की किट निकालने लगा। बैग में किट नहीं मिली। किट के साथ उसमें रखे सोने के टॉप्स और मोबाइल फोन भी गायब थे। वह पत्नी और बच्चों को कुरुक्षेत्र छोड़कर वापस यमुनानगर पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी।
बस में लगा सीसीटीवी कैमरा बताया खराब
कुलदीप ने बताया कि बस की पिछली खिड़की के पास ही सीसीटीवी कैमरा लगा था, जहां उसने अपना बैग रखा था। उसने चालक और परिचालक से कैमरे की फुटेज दिखाने को कहा तो उन्होंने बताया कि बस में लगे कैमरे काफी दिनों से खराब हैं। थाना शहर यमुनानगर प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।